बांग्लादेश में कड़ी सुरक्षा के बीच 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी

पश्चिम बंगाल में सीमा पर सख्तीः-
बांग्लादेश में कड़ी सुरक्षा के बीच 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी

ढाका/कोलकाताः- बांग्लादेश में आज 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव और प्रस्तावित जनमत संग्रह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और बिना किसी अवकाश के शाम 4:30 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार देशभर के 299 निर्वाचन क्षेत्रों में 42,779 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार के निधन के कारण वहां मतदान स्थगित कर दिया गया है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार इस आम चुनाव में लगभग 12 करोड़ 77 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। चुनाव के साथ-साथ मतदाता प्रस्तावित “जुलाई चार्टर” के तहत संवैधानिक और संस्थागत सुधारों पर भी फैसला कर रहे हैं, जिसे इस चुनाव का एक अहम पहलू माना जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार इस चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए देशभर में लगभग 9 लाख 58 हजार सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। 90 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों की गश्त भी बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) भी तैनात किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों और स्थानीय निगरानी टीमों की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

पश्चिम बंगाल में सीमा पर सख्तीः-

बांग्लादेश में चुनाव के मद्देनजर भारत के पश्चिम बंगाल के सभी सीमावर्ती जिलों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और राज्य पुलिस के जवान सीमाओं पर सतर्कता बरत रहे हैं। जलपाईगुड़ी जिले के फुलबारी सहित कई आव्रजन चौकियों के माध्यम से दोनों देशों के बीच सामान्य व्यापार अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। कूचबिहार के चंद्रबंधा स्थित अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र भी कल बंद रहा।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार अवैध गतिविधियों और संभावित घुसपैठ को रोकने के लिए चौकसी बढ़ाई गई है। सीमावर्ती इलाकों में निगरानी उपकरणों और ड्रोन के जरिए भी नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि पिछली सरकार को हटाने वाले जनआंदोलन के लगभग 18 महीने बाद हो रहा यह चुनाव बांग्लादेश के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला है और मतदाताओं की भागीदारी पर देश-विदेश की नजरें टिकी हुई हैं।

आपको बता दे कि मतदान के बाद मतगणना प्रक्रिया शुरू की जाएगी और देर रात तक शुरुआती रुझान आने की संभावना है। चुनाव आयोग ने नागरिकों से शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से मतदान में भाग लेने की अपील की है।

ये भी पढ़ें-

Related Posts

मध्य प्रदेश HC ने भोजशाला परिसर को माना मंदिर, वाग्देवी प्रतिमा वापस लाने के निर्देश

मध्य प्रदेश, May 15, (Political Insight) : भोजशाला विवाद को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने बड़ा फैसला सुनाते हुए भोजशाला परिसर को मंदिर माना है। HC ने कहा कि…

भारत-UAE रिश्तों को मिली नई मजबूती, कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर

नई दिल्ली, May 15, (Political Insight) : PM नरेंद्र मोदी अपने पांच दिवसीय विदेश दौरे के पहले चरण में UAE की राजधानी अबूधाबी पहुंचे, जहां उनका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान PM मोदी…