कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोड शो के बाद वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ भाई राहुल गांधी, मां सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहे। वे पहली बार कोई चुनाव लड़ रही हैं। वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। इसी के मद्देनजर यहां से कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा है।
उन्होंने बुधवार को अपने नामांकन पत्रों के तीन सेट दाखिल किए। इस अवसर पर प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटा भी मौजूद रहा। इसके अलावा उनकी मां और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी दिखीं। नामांकन के बहाने कांग्रेस ने अपना दम दिखाया. पार्टी के दिग्गज नेता मौजूद रहे. रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद राहुल ने वायनाड सीट छोड़ दी. सीट रिक्त होने के बाद यहां पर उपचुनाव हो रहा है. प्रियंका ने नामांकन से पहले कहा- जब मैं 17 साल की थी, तब मैंने पहली बार पिता के लिए 1989 में कैंपेन किया था। तब से इन 35 साल के दौरान मां, भाई के लिए वोट मांगें।
अब पहली बार खुद के लिए समर्थन मांग रही हूं। सीपीआई ने इस सीट से सत्यन मोकेरी को मैदान में उतारा है। वे साल 2014 के आम चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे। जबकि भाजपा ने यहां से नव्या हरिदास को टिकट दिया है। इससे पहले साल 2019 के आम चुनाव में राहुल गांधी ने वायनाड सीट से 4.60 लाख के अंतर से जीत हासिल की थी। वायनाड निर्वाचन क्षेत्र में तीन जिले आते हैं, जिनमें वायनाड, मलप्पुरम और कोझीकोड शामिल है।