नई दिल्ली: लोकसभा में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर की टिप्पणी के बाद से कांग्रेस लगातार हमलावर है. इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया. इसमें दावा किया है कि पीएम मोदी ने अनुराग ठाकुर के भाषण के उन अंश वाला वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिन्हें सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था.
कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी का यह कदम सदन के विशेषाधिकार का हनन है. इसलिए लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह करता हूं कि मेरा प्रस्ताव स्वीकार करें और इसे सदन में लाने की अनुमति दें. प्रधानमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई शुरू की जाए.
अनुराग ठाकुर ने कही थी ये बात
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में जाति जनगणना की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि जिसकी जाति का पता नहीं, वो जातिगत जनगणना की बात करते हैं. इसको लेकर कांग्रेस सांसदों के साथ ही अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने भी आपत्ति जताई थी. सदन में जोरदार हंगामा हुआ था.