नई दिल्लीः- ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद–2026’ कार्यक्रम का आयोजन कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। यह चार दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने, देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर मंथन करने और भारत के भविष्य के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह संवाद युवाओं को आगे बढ़कर नेतृत्व करने, नवाचार को अपनाने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में योगदान देने के लिए सशक्त बनाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण पर अपने विचार साझा करेंगे। डॉ. मांडविया ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और देश का भविष्य केवल नीतियों और संस्थानों से नहीं, बल्कि युवाओं की कल्पनाशील सोच, दृढ़ विश्वास और साहसिक निर्णयों से आकार लेगा। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सरकार उन्हें नीति निर्माण और नेतृत्व के मंच पर लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मंत्री ने बताया कि ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ की शुरुआत जनवरी 2025 में PM मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से की गई थी।
उस दौरान प्रधानमंत्री ने राजनीति की पारंपरिक पृष्ठभूमि से बाहर के एक लाख युवाओं को आगे आकर नेतृत्व की भूमिका निभाने और देश के विकास अभियान से जुड़ने का आह्वान किया था। कार्यक्रम के दौरान नीति, नवाचार, सुशासन, सामाजिक परिवर्तन और युवा नेतृत्व जैसे विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होने आगे कहा कि, सरकार का मानना है कि यह पहल युवाओं को न केवल अपनी बात रखने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में भागीदार भी बनाएगी।