नई दिल्ली:- देश आज वीर बाल दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वे देशवासियों, खासकर बच्चों और युवाओं को प्रेरित करने वाले संदेश देंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता बच्चे, विभिन्न राज्यों से आए छात्र-शिक्षक और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
यह दिवस श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अदम्य साहस और बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। कम उम्र में अत्याचार का डटकर मुकाबला करने वाली उनकी कहानी भारतीय इतिहास की सबसे प्रेरक घटनाओं में शुमार है। पीएम मोदी ने जनवरी 2022 में गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर 26 दिसंबर को हर साल वीर बाल दिवस घोषित किया था, ताकि युवा पीढ़ी साहस, त्याग और नैतिक मूल्यों से प्रेरित हो।
राष्ट्रपति मुर्मू सम्मानित करेंगी 20 बच्चों को
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में विशेष समारोह में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वितरित करेंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मुताबिक, 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए 20 बच्चों को बहादुरी, खेल, कला, नवाचार, सामाजिक सेवा व शिक्षा जैसे क्षेत्रों में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का मकसद बच्चों में साहस, दृढ़ता, सेवा भावना और नेतृत्व को बढ़ावा देना है। पुरस्कार विजेताओं की प्रेरक कहानियां साझा की जाएंगी, जो अन्य बच्चों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रोत्साहित करेंगी। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देश की विरासत, वीरता और एकता को दर्शाएंगी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
वीर बाल दिवस के जरिए सरकार युवाओं को भारत के गौरवशाली इतिहास से जोड़कर राष्ट्रप्रेम, साहस और सेवा की भावना जगाना चाहती है