चंडीगढ़: हरियाणा में विधानसभा चुनाव का प्रचार समाप्त हो गया है, अब जनता की बारी है। हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर आज मतदान चल रहा है। मतदान सुबह से ही शुरू हो चूका है, फिलहाल, आज दिन भर मतदान के दौरान लोग ईवीएम में अपने क्षेत्रीय प्रत्याशियों की किस्मत का निर्णय लेंगे। 8 अक्टूबर को चुनाव के परिणामों की घोषणा होगी। साथ ही, चुनाव आयोग ने मतदान की तैयारी पूरी कर ली है और सभी मतदान केंद्रों पर पूरी तरह से सुरक्षा की व्यवस्था की है।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि 2,03,54,350 मतदाता, जिनमें 8,821 100 वर्ष से अधिक उम्र के हैं, अपने मताधिकार का उपयोग करने के योग्य हैं। इसके अतिरिक्त, 95 लाख महिलाएं मतदाता हैं। सुबह साढ़े सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 1,031 उम्मीदवार चुनाव में 90 सीटों पर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, जिसमें 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय हैं। पंकज अग्रवाल ने बताया कि 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। भाजपा, कांग्रेस, आप, इनेलो-बसपा गठबंधन और जेजेपी-आसपा गठबंधन इस बार हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।